संडावता में किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का आक्रोश, गेहूं खरीदी शुरू करने की मांग

राजगढ़। जिले के संडावता क्षेत्र में किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आक्रोश रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया गया। रैली के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संडावता पहुंचकर नायब तहसीलदार शैलजा मिश्रा को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में मुख्य रूप से क्षेत्र में गेहूं खरीदी शीघ्र प्रारंभ करने एवं स्लॉट बुकिंग व्यवस्था में सुधार करने की मांग उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि संडावता सहित आसपास के क्षेत्रों में गेहूं खरीदी केंद्र समय पर शुरू नहीं किए गए हैं, जिससे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि किसानों को समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लिए बार-बार नई-नई तारीखें दी जा रही हैं, लेकिन खरीदी केंद्रों पर तौल की व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। इसके चलते किसान अपनी उपज लेकर इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि खरीदी में हो रही देरी से किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। समय पर भुगतान नहीं मिलने और उपज के सुरक्षित भंडारण की समस्या के कारण किसानों को अतिरिक्त परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि सात दिनों के भीतर गेहूं खरीदी व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी द्वारा क्षेत्र में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारीयों मेंब्लॉक अध्यक्ष संडावता रितेश पाटीदार, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष हरि सिंह तंवर, पचोर ब्लॉक अध्यक्ष बनवारी लाल मालवीय, सुरेश कारपेंटर, प्रेम सिंह सिसोदिया, रामकरण विश्वकर्मा, शैलेंद्र सिंह बना, बलराम सिंह, कांतिलाल आर्य, जितेन पाटीदार, कमलेश पाटीदार, मुरलीधर, दिनेश मालवीय, साजन चौहान,मुकेश भिलाला, राजाराम गुर्जर मलकाना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।