अधूरे चैंबर निर्माण को लेकर अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, तीन साल से अटका काम, बारिश-गर्मी में टीन के नीचे बैठने को मजबूर

कासगंज। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को अधिवक्ताओं ने करीब तीन वर्ष से अधूरे पड़े चैंबर निर्माण को जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के चेयरमैन सत्येन्द्र पाल सिंह बैस एडवोकेट कर रहे थे।

चेयरमैन बैस ने कहा कि करीब एक वर्ष पूर्व बार का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर अधूरे चैंबर निर्माण के संबंध में अवगत करा चुका है। आश्वासन के बावजूद एक वर्ष बीत जाने पर भी कार्य शुरू नहीं हो सका, जिससे अधिवक्ताओं में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि अधिवक्ता बरसात, गर्मी व सर्दी की बेरुखी झेलते हुए टीन के नीचे बैठने को मजबूर हैं। कई साथी बीमार पड़ चुके हैं और एक अधिवक्ता की मृत्यु भी हो चुकी है।

बैस ने आगे कहा कि सरकार जल्द से जल्द धनराशि अवमुक्त कराकर चैंबर निर्माण कार्य शुरू कराए, ताकि अधिवक्ता सुचारू रूप से विधि व्यवसाय कर सकें। उन्होंने याद दिलाया कि न्यायालय भवन के लिए अधिवक्ताओं ने ?जिला बचाओ आंदोलन संघर्ष समिति? बनाकर लंबी लड़ाई लड़ी थी, तब जाकर सुंदर भवन बन पाया।

वरिष्ठ अधिवक्ता उपेंद्र मिश्रा ने कहा कि चैंबर न होने से अधिवक्ता सुचारू रूप से अपना कार्य नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अधूरे चैंबर निर्माण का कार्य जल्द शुरू नहीं कराया गया तो जनपद कासगंज के अधिवक्ता ठोस रणनीति के तहत आंदोलन के लिए मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

प्रदर्शन में उपस्थित अन्य अधिवक्ताओं में सुभाष यादव, महेंद्र पाल सिंह वर्मा, डॉ. विजेंद्र सिंह यादव, अब्दुल हई, राहत हुसैन, सत्येंद्र सैनी, मोहम्मद अकलीम, अरविंद गोला, धर्मेश शर्मा, धर्मेंद्र कुमार सिसोदिया, मोहम्मद अयाज शामिल रहे।