उन्नत रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम, एनएफआर ने सफलतापूर्वक आयोजित की राष्ट्रीय चिकित्सा सम्मेलन

गुवाहाटी। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) ने उन्नत रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए रेलवे एसोसिएशन ऑफ आईएसए (RAISA) के 31वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन एवं एनएफआर जोनल मेडिकल कॉन्फ्रेंस का सफलतापूर्वक आयोजन किया। यह दो दिवसीय सम्मेलन 28 मार्च 2026 को लुइतगढ़ रेलवे ऑफिसर्स क्लब, नामबारी में संपन्न हुआ। सम्मेलन का मुख्य विषय ?एविडेंस बेस्ड प्रैक्टिस? यानी प्रमाण आधारित चिकित्सा पद्धति रहा, जिसमें शोध और आंकड़ों पर आधारित उपचार प्रणाली को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

सम्मेलन का उद्घाटन रेलवे स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक (डायरेक्टर जनरल) डॉ. जगदीश चंद्र द्वारा किया गया। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए मानकीकृत और डेटा आधारित चिकित्सा प्रोटोकॉल अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव तथा प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. स्वप्ना बोरो दैमरी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्टता को आगे बढ़ाने के प्रति एनएफआर की प्रतिबद्धता को दर्शाया।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों और प्रमुख चिकित्सा संस्थानों से करीब 150 डॉक्टरों ने सक्रिय सहभागिता की। वैज्ञानिक सचिव डॉ. सोमनाथ साहा के समन्वय में आयोजित सत्रों में क्लीनिकल रिसर्च को व्यवहारिक चिकित्सा सेवाओं में लागू करने पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन के दौरान रेलवे सोसायटी ऑफ एनेस्थेसियोलॉजिस्ट्स ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और ऑपरेशन से पूर्व व पश्चात देखभाल तथा दर्द प्रबंधन के क्षेत्र में नई दिशाएं प्रस्तुत कीं।

सम्मेलन का आयोजन सेंट्रल हॉस्पिटल, मालिगांव के चिकित्सा निदेशक डॉ. बी.पी. डेका के नेतृत्व में किया गया। अस्पताल की टीम द्वारा उत्कृष्ट प्रबंधन के माध्यम से सम्मेलन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया, जिससे देशभर से आए चिकित्सा विशेषज्ञों को ज्ञान साझा करने और आपसी सहयोग का प्रभावी मंच प्राप्त हुआ।

समापन सत्र में सेंट्रल हॉस्पिटल, मालिगांव के डॉ. पीयूष सरकार ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मेलन में साझा किए गए अनुभव और ज्ञान भारतीय रेलवे की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने में अहम भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम का समापन औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

यह सम्मेलन भारतीय रेलवे में चिकित्सा सेवाओं को और अधिक आधुनिक, प्रभावी तथा प्रमाण आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।