दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रचा नया कीर्तिमान, माल लदान से लेकर यात्री परिवहन और राजस्व अर्जन में दर्ज की बड़ी उपलब्धि

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल लदान, यात्री परिवहन तथा फ्रेट राजस्व अर्जन के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेल में अपनी अग्रणी भूमिका को और मजबूत किया है। बेहतर कार्यप्रणाली, सुदृढ़ प्रबंधन और कर्मचारियों की टीम भावना के बल पर रेलवे ने इस वर्ष कई नए रिकॉर्ड स्थापित किए हैं।

रेलवे प्रशासन के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने अब तक का सर्वाधिक 261.25 मिलियन टन माल लदान कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। इसके साथ ही माल यातायात से रेलवे ने 30,400 करोड़ रुपये से अधिक का फ्रेट राजस्व अर्जित किया है, जो अब तक का सर्वोत्तम प्रदर्शन माना जा रहा है। यह उपलब्धि रेलवे की परिचालन क्षमता में वृद्धि के साथ-साथ देश की औद्योगिक एवं ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में इसकी अहम भूमिका को दर्शाती है।

यात्री परिवहन के क्षेत्र में भी दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेलवे ने 8 करोड़ 30 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया। यह संख्या पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 के करीब 7 करोड़ 40 लाख यात्रियों की तुलना में लगभग 90 लाख अधिक है। यात्रियों की संख्या में यह वृद्धि रेलवे सेवाओं के प्रति बढ़ते भरोसे और बेहतर सुविधाओं का संकेत मानी जा रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोयला, लौह अयस्क, इस्पात संयंत्रों के लिए कच्चा माल, सीमेंट और खाद्यान्न जैसे प्रमुख माल के परिवहन में लगातार वृद्धि इस सफलता का प्रमुख आधार रही है। वहीं कंटेनर (EXIM) ट्रैफिक में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे पारंपरिक और आधुनिक दोनों प्रकार के माल परिवहन में संतुलित विस्तार कर रहा है।

इसके साथ ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा आधारभूत संरचना के विकास कार्यों को भी तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रमुख रेलखंडों पर तीसरी और चौथी लाइन की कमीशनिंग से परिचालन क्षमता में वृद्धि हुई है, जिससे ट्रेनों की गति, समयबद्धता और विश्वसनीयता में भी सुधार आया है। रेलवे ने विकास कार्यों के दौरान भी निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए बेहतर योजना और प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया है, जिससे यात्री और माल परिवहन दोनों को अधिक सुगम बनाया जा सके।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह उपलब्धि महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट टीमवर्क का परिणाम है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ?समर्पण से प्रेरित, टीम वर्क से सशक्त? की भावना के साथ आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारतीय रेल में नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।