श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर पहली बार फूड वैन का आवंटन, जम्मू मंडल ने रचा इतिहास

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मंडल द्वारा श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर पहली बार "फूड वैन" के संचालन हेतु टेंडर प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। यह पहल स्टेशन पर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर गुणवत्ता वाला भोजन एवं आधुनिक खानपान सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

रेलवे प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस निविदा को ₹11,77,786 प्रति वर्ष की लाइसेंस फीस पर आवंटित किया गया है। यह अनुबंध पांच वर्षों की अवधि के लिए प्रभावी रहेगा। इस पूरी अवधि के लिए अनुबंध का कुल मूल्य ₹69,48,937.40 निर्धारित किया गया है।

यह सेवा आने वाले समय में श्रीनगर स्टेशन पर यात्रियों और पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है। श्रीनगर रेलवे स्टेशन के इतिहास में यह पहली बार है जब फूड वैन सेवा के लिए आधिकारिक रूप से निविदा जारी कर उसका आवंटन किया गया है।

इस पहल से पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही स्वच्छ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण भोजन के विकल्प उपलब्ध होंगे। साथ ही इस सफल टेंडर प्रक्रिया से रेलवे के गैर-किराया राजस्व (Non-Fare Revenue) में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

इस संबंध में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि विभाग यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने और स्टेशनों पर विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर जैसे प्रमुख पर्यटन केंद्र पर इस प्रकार की सेवा का विस्तार क्षेत्र में रेलवे की सुविधाओं को और अधिक आधुनिक और सुलभ बनाएगा।

जम्मू मंडल द्वारा उठाया गया यह कदम यात्री सुविधा विस्तार के साथ-साथ राजस्व बढ़ोतरी की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

राघवेंद्र सिंह, जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल