हरदोई के मगरहा में छप्परनुमा बंगले में लगी भीषण आग, वृद्ध महिला की मौत, ट्रैक्टर व पशुधन जलकर नष्ट

हरदोई। जनपद के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के मगरहा गांव में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आने से 75 वर्षीय वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक ट्रैक्टर, लिस्टर इंजन और तीन भैंसें गंभीर रूप से जल गईं। इसके अलावा झोपड़ीनुमा आवास में रखा पूरा सामान भी राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी गोमती (75) पत्नी करण गांव के बाहर छप्परनुमा बंगले में रहती थी। उसी स्थान पर उनका ट्रैक्टर, लिस्टर इंजन और पशुधन बंधा हुआ था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई।
आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास मौजूद ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी। ग्रामीणों ने अपने संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक गोमती आग की चपेट में आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना में ट्रैक्टर, इंजन और तीन भैंसें जल गईं, जबकि गृहस्थी का पूरा सामान भी नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कोतवाल शिवाकांत पांडे ने मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से जानकारी ली।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।