पीआईबी मीडिया टूर में 13 पत्रकारों ने किया CTTC भुवनेश्वर का भ्रमण,तकनीकी कौशल, आत्मनिर्भरता और नवाचार की झलक से प्रभावित हुआ प्रतिनिधिमंडल

अंतरिक्ष, रक्षा, चिकित्सा व कोविड काल में संस्थान की बहुआयामी भूमिका सामने आई,प्रशिक्षण, रोजगार सृजन और वैश्विक स्तर की तकनीकी क्षमता का मिला विस्तृत परिचय

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

भुवनेश्वर/नई दिल्ली।भारत सरकार के प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) वाराणसी के तत्वावधान में अधिकारी प्रशांत कक्कड़ के नेतृत्व में 13 पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय टूल रूम एवं प्रशिक्षण केंद्र (CTTC) भुवनेश्वर पहुंचा। इस दौरान पत्रकारों को संस्थान की अत्याधुनिक तकनीकी क्षमता, प्रशिक्षण व्यवस्था और बहुआयामी उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

CTTC भुवनेश्वर में स्किल डेवलपमेंट को वैश्विक स्तर पर विकसित किया जा रहा है। यहां 18 मित्र देशों की तर्ज पर प्रैक्टिकल और थ्योरी आधारित प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जाता है। पीएम सेतु प्रोग्राम के माध्यम से भी संस्थान विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। विशेष बात यह है कि असफल छात्रों और स्कूल ड्रॉपआउट युवाओं को भी प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के योग्य बनाया जाता है।संस्थान में उत्तर प्रदेश सहित 8 राज्यों के आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेजों के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाता है, जिससे तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूती मिल रही है।
संस्थान के महाप्रबंधक एल. राजशेखर ने जानकारी देते हुए बताया कि CTTC देश की विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं में लगातार योगदान दे रहा है। उन्होंने बताया कि चंद्रयान-3 मिशन में संस्थान ने आवश्यक टूल्स बनाकर सहयोग किया, वहीं इसरो की पहल पर ?शिव शक्ति? प्रोजेक्ट में भी CTTC अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।इसके साथ ही तेजस लड़ाकू विमान के लिए भी CTTC द्वारा टूल्स तैयार किए गए और अब तक 42 एयरक्राफ्ट इकाइयों के निर्माण में अप्रत्यक्ष सहयोग किया जा चुका है। संस्थान रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) के साथ भी विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं में समन्वय के साथ कार्य कर रहा है।कोविड-19 महामारी के दौरान भी CTTC ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऑपरेटरों के सहयोग से कोविड किट तैयार की गईं और उच्च गुणवत्ता के मास्क का निर्माण कर समाज को राहत पहुंचाई गई।इसके अलावा चिकित्सा क्षेत्र में भी CTTC द्वारा विभिन्न प्रकार के टूल्स और उपकरणों के निर्माण में अहम सहयोग दिया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिल रही है।महाप्रबंधक एल. राजशेखर ने बताया कि संस्थान में 33 प्रशिक्षुओं की एक बैच क्षमता निर्धारित है और यहां कुल 26 विभिन्न कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। देशभर में CTTC के 32 सेंटर संचालित हैं, जिनमें कानपुर स्थित केंद्र भी प्रमुख रूप से शामिल है। साथ ही यह केंद्र एक समय में लगभग 10 हजार प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण देने की क्षमता रखता है।उन्होंने यह भी बताया कि CTTC भुवनेश्वर एक आत्मनिर्भर संस्थान है, जो अपने संसाधनों से संचालन करते हुए वेतन व्यय के बाद भी सरकार को आर्थिक लाभ प्रदान कर रहा है। साथ ही यह केंद्र कई राष्ट्रीय परियोजनाओं में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है, जिससे देश के औद्योगिक और तकनीकी विकास को गति मिल रही है।

मीडिया टूर में संतोष कुमार सिंह,अमरीश सिंह, प्रदीप कन्नौजिया, शासन द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकार प्रशांत कुमार, प्रशांत सिंह, विजय शर्मा, एकता मिश्रा, राधेश्याम कमल, लियाकत अली, अर्चित, रवि यादव सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।पत्रकारों ने संस्थान की विभिन्न इकाइयों का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण ले रहे युवाओं से संवाद कर उनके अनुभव जाने। CTTC की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली की सभी ने सराहना की।