कटरा-अमृतसर वंदे भारत का बदला रूट, अब गुरदासपुर-बटाला होकर दौड़ेगी प्रीमियम ट्रेन

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों को बेहतर और तेज़ सुविधा देने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है। श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस अब जल्द ही नए मार्ग पर संचालित होगी। यह आधुनिक ट्रेन अब जालंधर सिटी के बजाय गुरदासपुर और बटाला के रास्ते चलेगी, जिससे यात्रियों को सीधा और कम समय में सफर का लाभ मिलेगा।

नई समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 26406 सुबह 6:40 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा से रवाना होकर उसी दिन 11:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 26405 अमृतसर से शाम 4:40 बजे प्रस्थान कर रात 9:45 बजे कटरा पहुंचेगी।

इस नए रूट पर ट्रेन जम्मू, पठानकोट कैंट, पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में नियमित रूप से ठहरेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस बदलाव का उद्देश्य अमृतसर और जम्मू के बीच यात्रा को और तेज़, आरामदायक और सुगम बनाना है। जालंधर रूट की तुलना में यह मार्ग छोटा और अधिक सुविधाजनक माना जा रहा है, जिससे यात्रियों का समय बचेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव से सीमावर्ती क्षेत्रों?खासकर गुरदासपुर और बटाला?को पहली बार वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन सेवा का लाभ मिलेगा, जिससे तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों दोनों को बड़ी राहत मिलेगी।

इसी के साथ ट्रेन संख्या 19223/19224 के ठहराव में भी बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन पठानकोट सिटी रेलवे स्टेशन की जगह पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर रुकेगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले वे ट्रेन की सटीक जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES ऐप या हेल्पलाइन 139 के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।

इस नए रूट के साथ वंदे भारत एक्सप्रेस अब न केवल तेज़ यात्रा का प्रतीक बनेगी, बल्कि पंजाब के सीमावर्ती इलाकों को देश की आधुनिक रेल सेवाओं से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगी।