गणगौर व ईद के मद्देनजर कालिका पेट्रोलिंग की सख्ती, मॉडिफाइड साइलेंसर बाइकों पर कार्रवाई

श्रीगंगानगर शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिये पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के आदेशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक SIUCAW नीलम चौधरी तथा सीर कौर के निर्देशन में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट 1 एवं 2 एंटी रोमियो स्क्वायड द्वारा प्रभारी सुखदेव सिंह के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन गश्त एवं निगरानी की गई।

ड्यूटी चार्ट के अनुसार नेहरू पार्क, आदर्श पार्क, दुर्गा मंदिर, रमेश चौक, विनोबा बस्ती, एच.पी. ब्लॉक, पुरानी आबादी, महिला पार्क, ढींगड़ा पार्क, सब्जी मंडी, सुखवंत सिनेमा, मिनी मायापुरी, सीताराम कुटिया एवं हरमिलापी कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों पर प्रभावी पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।

विशेष रूप से गणगौर एवं ईद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए आवारा बाइक सवारों एवं मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर विधि सम्मत कार्रवाई की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को पकड़कर संबंधित ड्यूटी ऑफिसर पुरानी आबादी के सुपुर्द किया गया।

इसके साथ ही आमजन को राजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाकर पुलिस सेवाओं, आपातकालीन नंबरों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

पुलिस की इस सतत कार्रवाई से शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी हुई है तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।