महिला सशक्तिकरण की मिसाल: मुरादाबाद में 01 अप्रैल को महिला संविदा परिचालक भर्ती मेला, सीधे मिलेगी नौकरी का अवसर

मुरादाबाद। महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री की प्रेरणादायी घोषणा के अनुरूप उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा मुरादाबाद क्षेत्र में महिला संविदा परिचालकों की सीधी भर्ती के लिए भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 01 अप्रैल को आयोजित होगा, जिसमें योग्य महिला अभ्यर्थियों को मौके पर ही आवेदन करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
परिवहन निगम मुख्यालय, लखनऊ से जारी निर्देशों के क्रम में यह भर्ती प्रक्रिया अनुबन्ध (कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सम्मानजनक रोजगार प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में उनकी भागीदारी को बढ़ाना है।
निर्धारित स्थान और समय
यह विशेष भर्ती मेला 01 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय, लाजपत नगर, कटघर बस स्टैंड के पीछे, मुरादाबाद में आयोजित किया जाएगा। मेले में महिला अभ्यर्थियों से सीधे आवेदन पत्र प्राप्त किए जाएंगे, जिससे भर्ती प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी रहेगी।
शैक्षिक योग्यता और अनिवार्य शर्तें
महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं) उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। इसके साथ ही, केंद्र/राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान से CCC (कंप्यूटर प्रमाण पत्र) होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट बनाकर की जाएगी।
विशेष वेटेज और प्राथमिकता
इस भर्ती में कुछ अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता और अतिरिक्त लाभ भी दिया जाएगा
एनसीसी सी प्रमाण पत्र,
भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य/राष्ट्रपति पुरस्कार,
एनएसएस प्रमाण पत्र धारक
ऐसी योग्य महिलाओं को इंटरमीडिएट के अंकों पर 5 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा, जिससे उन्हें चयन में बढ़त मिल सके।
इन योजनाओं से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा लाभ
भर्ती प्रक्रिया में निम्न योजनाओं से जुड़ी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी?
उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन
उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन
एनसीसी
एनएसएस
स्काउट एवं गाइड
स्थानीय तैनाती और आयु में छूट
चयनित महिला अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद या उसके नजदीकी डिपो/यूनिट में तैनात किया जाएगा, जिससे उन्हें कार्यस्थल तक पहुंचने में सुविधा हो। साथ ही, अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग की अभ्यर्थियों को शासनादेश के अनुसार आयु सीमा में नियमानुसार छूट भी प्रदान की जाएगी।
महिलाओं के लिए सुनहरा मौका
क्षेत्रीय प्रबंधक अनुराग यादव ने सभी पात्र महिलाओं से इस भर्ती मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अवसर महिलाओं के लिए केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने सपनों को साकार करने और समाज में एक नई पहचान स्थापित करने का मंच है।
यह पहल न सिर्फ महिलाओं को आर्थिक मजबूती देगी, बल्कि उन्हें सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
यदि आप भी अपने भविष्य को संवारना चाहती हैं, तो 01 अप्रैल को मुरादाबाद पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ अवश्य उठाएं।