गौ तस्कर हो जाएं सावधान, अब नहीं बख्शे जाएंगे : रेवा यादव

बैकुंठपुर, कोरिया। जिले में लगातार बढ़ रही गौ तस्करी की घटनाओं को लेकर गौ सेवक संगठन के जिला अध्यक्ष रेवा यादव ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले में कुछ असामाजिक तत्व सक्रिय होकर बड़े पैमाने पर गौ तस्करी को अंजाम दे रहे हैं, जिससे गौवंशों की संख्या में कमी आने लगी है। मिली जानकारी के अनुसार गौ तस्कर विशेष रूप से सोनहत क्षेत्र के छोटे-बड़े गांवों में पहुंचकर गौवंशों की तस्करी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि तस्कर रात के अंधेरे में पिकअप वाहनों में गौवंशों को भरकर छत्तीसगढ़ से बाहर अन्य राज्यों में ले जाकर बेच देते हैं। इस वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में गौवंशों के गायब होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। रेवा यादव ने कहा कि जिले की सैकड़ों ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों द्वारा गौमाताओं की देखभाल की जा रही है, लेकिन इसके बावजूद गौ तस्कर गिरोह सक्रिय होकर आसानी से गौवंशों को बाहर ले जाने में सफल हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गिरोहों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि जिले में गौ तस्करी पर रोक लगाई जा सके।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा गौ तस्करों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे स्वयं अपने गौ सेवकों के साथ अभियान चलाकर ऐसे तस्करों को पकड़ने का काम करेंगे। रेवा यादव ने कहा, ?गौ तस्कर सावधान हो जाएं, अब उनकी खैर नहीं है। यदि गौ तस्करी बंद नहीं हुई तो हम स्वयं ऐसे तस्करों को पकड़कर प्रशासन के हवाले करेंगे और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।? उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि जिले में सक्रिय गौ तस्करी गिरोह की पतासाजी कर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि गौवंशों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और इस अवैध गतिविधि पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।