भरी पंचायत में सास और साले की हत्या करने वाला दामाद पुलिस मुठभेड़ मेंमार गिराया

बरेली इज्जतनगर थाना क्षेत्र सोमवार को भरी पंचायत ने अपने साले और सास की चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। सास और साले की बेरहमी से हत्या के बाद आरोपी फरार था। वारदात के 24 घंटे बीतने से पहले पुलिस ने हत्यारोपी अफसर उर्फ बौरा को मंगलवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक सूचना मिलने के बाद अफसर की घेरबंदी की गई तो उसने पुलिस पर ही फायर झोंक दिया। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसको गोली लगी। जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।दरअसल इज्जत नगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी निवासी अफसर का अपनी पत्नी साइमा से विवाद चल रहा था। उसी को सुलझाने को लेकर सोमवार को पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत के दौरान ही अफसर ने चाकू से सास आसमां और साले आदिल पर हमला कर दिया। दोनों पर ताबड़तोड़ हमले किए, जिससे मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने के दौरान आरोपी ने पत्नी को भी चाकू मार कर घायल कर दिया। भरी पंचायत के बीच सनसनीखेज वारदात से अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकला। परिजन आनन-फानन घायलों को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी की पत्नी को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एडीजी रमित शर्मा, एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक भी मौके पर पहुंचे।मंगलवार को पुलिस ने आरोपी अफसर को मुठभेड़ में मार गिराया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि वारदात के बाद रात को सूचना मिली थी कि आरोपी गांव में आसपास हथियार लेकर घूम रहा है। पत्नी पर दोबारा हमला कर सकता है, लिहाजा अस्पताल की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। उन्होंने बताया कि तीन टीमों को आरोपी की लोकेशन मिली। उसको गिरफ्तार करने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जिसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसे गोली लगी अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस के दो कॉन्सटेबल भी घायल हुए हैं। पूर्व में आरोपी को अपने मामा की हत्या के आरोप में आजीवन कारावाज की सजा हुई थी, फिलहाल जमानत पर बाहर था।