रंगदारी और साजिश के आरोप में खुशबू किन्नर गिरफ्तार, मोहरगंज में पुलिस का सख्त पहरा

रंगदारी और साजिश के आरोप में खुशबू किन्नर गिरफ्तार, मोहरगंज में पुलिस का सख्त पहरा

चंदौली। जनपद चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज गांव में चर्चित खुशबू किन्नर को पुलिस ने रंगदारी मांगने, आपराधिक साजिश रचने और सड़क जाम करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई है।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मोहरगंज क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो।

विस्फोट की घटना के बाद शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि इस पूरे प्रकरण की शुरुआत कुछ महीनों पहले उस समय हुई थी, जब मोहरगंज में किन्नरों के एक आवास को विस्फोट से उड़ा दिया गया था। इस घटना के बाद खुशबू किन्नर ने अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू और विकास सिंह सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

उस समय किन्नर समुदाय ने कार्रवाई की मांग को लेकर चहनिया में कई घंटों तक चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था। बाद में पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि विकास सिंह ने अदालत में सरेंडर कर दिया था।

जांच में आया नया मोड़

मामले में नया मोड़ तब आया जब आरोपियों के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर कुछ साक्ष्य प्रस्तुत किए। उन्होंने आरोप लगाया कि खुशबू किन्नर ने पुलिस की कथित मिलीभगत से खुद पर हमले और विस्फोट की साजिश रची थी। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग की जा रही थी।

इसके बाद शासन के निर्देश पर तत्कालीन थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को हटा दिया गया और मामले की निष्पक्ष जांच जौनपुर पुलिस को सौंपी गई।

जांच के बाद हुई गिरफ्तारी

जांच पूरी होने के बाद चंदौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुशबू किन्नर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस संबंध में अनंत चंद्रशेखर (एएसपी) ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मोहरगंज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।