कट्टरपंथ के विरोध में सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ता, मौलाना सलीम का पुतला दहन

डीडीयू नगर। बिहार के मौलाना अब्दुल्ला सलीम द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को डीडीयू नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेता ऐन पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मौलाना सलीम का पुतला दहन कर कट्टरपंथ के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या उनके परिवार के खिलाफ इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करना निंदनीय है और इससे समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले हैं और इन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि मौलाना सलीम के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह की बयानबाजी करने का साहस न कर सके। प्रदर्शन के दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने कट्टरपंथ और समाज में नफरत फैलाने वाली विचारधारा के खिलाफ कड़ा विरोध जताया।

गौरतलब है कि मौलाना अब्दुल्ला सलीम की विवादित टिप्पणी के बाद प्रदेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है और विभिन्न संगठनों द्वारा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है।