एटा: जलेसर क्षेत्र में हिरनों के झुंड से किसानों की फसल को नुकसान, गेहूं के खेतों में हिरन मचा रहे धमा चौकड़ी।

*एटा: हिरनों के झुंड से किसानों की फसल को नुकसान, गेहूं के खेतों में मचा रहे उत्पात।*


अवागढ़/एटा:

जनपद एटा की जलेसर तहसील क्षेत्र में पहले से ही आवारा गोवंश से परेशान किसानों की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं। अब हिरनों के झुंड भी किसानों की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ताजा मामला अवागढ़ क्षेत्र के नू खेड़ा मार्ग से जुड़े गांव मीशा कला का है, जहां खेतों में हिरनों के झुंड देखे गए।
बताया जा रहा है कि इन दिनों गेहूं की फसल पकने की ओर है, ऐसे में हिरनों के झुंड खेतों में घुसकर फसल में उछल-कूद करते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार कई बार एक साथ कई हिरन खेतों में पहुंच जाते हैं, जिससे फसल रौंदकर बर्बाद हो रही है। किसानों का कहना है कि आवारा गोवंश के बाद अब हिरनों के झुंड भी उनकी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सुबह और शाम के समय हिरनों के झुंड खेतों की ओर आते देखे जा रहे हैं। इससे गेहूं सहित अन्य फसलों को काफी नुकसान पहुंच रहा है। किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से मांग की है कि इस समस्या का समाधान कराया जाए, ताकि उनकी फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।


रिपोर्ट: रमेश जादौन एटा।