खबर चलाने पर कोतवाल की पत्रकार को घुड़की 

दिमाग न खराब हो,तुमको जो चाहेंगे वो कर देंगे


ऊंचाहार,रायबरेली।सोशल मीडिया में महिला अपराध से संबंधित एक खबर वायरल होने पर कोतवाल ने आपा खो दिया,उन्होंने फोन पर पत्रकार को धमकी दी और कहा कि दिमाग न खराब हो,तुम्हारा जो चाहेंगे वो कर देंगे।मामला नगर के कलवारन टोला में शनिवार को हुए एक विवाद को लेकर था।घटना में महिला ने दूसरे समुदाय के दो युवकों पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया।यह खबर सोशल मीडिया में वायरल हुई तो शनिवार की शाम कोतवाल अजय कुमार राय ने आपा खो दिया।उन्होंने खबर चलाने वाले एक पत्रकार को फोन करके अपनी भड़ास निकाली।जिसका ऑडियो वायरल हुआ है।कोतवाल ने पत्रकार को धमकाते हुए कहा कि फालतू का काम ना करो,तुम्हारा ज्यादा खुरापात चलता है।तुम थाने आओगे तो बताएंगे,बड़ा भारी पत्रकार मत बनो, दिमाग ना खराब हो।जब पत्रकार ने उनसे कहा कि क्या आप मुझे जेल भेज देंगे क्या ?तो कोतवाल ने कहा कि तुमको जो चाहेंगे वह कर देंगे।इस पूरी बातचीत का ऑडियो जब सोशल मीडिया में वायरल हुआ तो क्षेत्र के पत्रकार आक्रोशित हो गए।यही नहीं क्षेत्र के संभ्रांत लोगों ने भी कोतवाल की बदजूबानी पर अपना गुस्सा जाहिर किया है।इस बारे में सीओ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है,वह परीक्षा ड्यूटी में बाहर हैं,वापस आकर मामले की जानकारी की जाएगी।वही कोतवाली प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि मामला दो पड़ोसियों का है दोनों का शिकायती पत्र मिला था दोनों का समझौता करा दिया गया है।