एटा: दिल्ली प्रदर्शन से पहले भाकियू (किसान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट।

*एटा: दिल्ली प्रदर्शन से पहले भाकियू (किसान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट*

अवागढ/एटा:

यूजीसी के विरोध में दिल्ली जाने की तैयारी में थे किसान नेता, अवागढ़ पुलिस ने घर पर ही किया नजरबंद।�

दिल्ली में सवर्ण समाज द्वारा यूजीसी के विरोध में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तर के प्रदर्शन से पहले भारतीय किसान यूनियन (किसान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर को अवागढ़ पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। बताया जा रहा है कि किसान नेता अपने सहयोगियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना होने की तैयारी में थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार को दिल्ली में आयोजित होने वाले विरोध कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भाकियू (किसान) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन ठाकुर और किसान नेता दीपक चौहान जाने वाले थे। इसी बीच थाना अवागढ़ के प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार दीक्षित पुलिस बल के साथ उनके आवास पर पहुंचे और दोनों नेताओं को घर पर ही नजरबंद कर दिया, जिससे वे दिल्ली के लिए रवाना नहीं हो सके।
इस दौरान किसान नेता पवन ठाकुर ने कहा कि यूजीसी से जुड़े प्रावधानों और कुछ कानूनों के कारण समाज में जातीय विद्वेष और ऊंच-नीच की भावना को बढ़ावा मिलने की आशंका है। उनका कहना है कि देश में सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून होना चाहिए, तभी संविधान में वर्णित समानता के अधिकार और अवसर की भावना की सही मायनों में पूर्ति हो सकेगी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ऐसे कानूनों का कई बार व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने के लिए दुरुपयोग किया जाता है, जिससे समाज में आपसी तनाव और विभाजन की स्थिति बनती है।


रिपोर्ट: रमेश जादौन एटा।