फिरोजपुर मंडल में फरवरी माह में टिकट चेकिंग द्वारा ₹2.51 करोड़ राजस्व अर्जित किया गया! सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी....,,,..

फिरोजपुर मंडल के टिकट चेकिंग दल द्वारा ट्रेनों में अनाधिकृत रूप से यात्रा कर रहे यात्रियों की इस प्रवृति पर रोक लगाने हेतु ट्रेनों में सतत् टिकट चेकिंग किया जा रहा है। मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ एवं मुख्य टिकट निरीक्षकों द्वारा फरवरी, 2026 की अवधि के दौरान टिकट जांच अभियान के अंतर्गत कुल ₹2.51 करोड़ की आय अर्जित की गई है, जो कि फरवरी, 2025 की आय ₹1.94 करोड़ की तुलना में लगभग 29 प्रतिशत अधिक है। इसके अतिरिक्त, प्रधान कार्यालय द्वारा निर्धारित चालू वित्त वर्ष के फरवरी 2026 तक के लक्ष्य की तुलना में मंडल ने 3 प्रतिशत अधिक राजस्व अर्जित कर उपलब्धि हासिल की है। फरवरी, 2026 की अवधि के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, अनबुक्ड लगेज, एंटी लिटरिंग एवं धूम्रपान से संबंधित कुल 36,282 मामलों में कार्रवाई की गई।

मंडल के रेलवे स्टेशनों को साफ़-सुथरा बनाए रखने तथा आम जनता को स्टेशनों पर गंदगी फैलाने से रोकने एवं उनको साफ-सफाई के प्रति जागरूक बनाने के लिए मंडल के मुख्य स्टेशनों पर नियमित जाँच की जाती है। इसके फलस्वरूप, फरवरी माह में 344 यात्रियों को स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने के कारण (एंटी लिटरिंग एक्ट) उनसे 57 हजार रूपये से अधिक वसूल किये गए।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल द्वारा यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने, स्वच्छता बनाए रखने एवं रेलवे नियमों का पालन सुनिश्चित करने हेतु निरंतर टिकट जांच अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि यह उपलब्धि मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की सक्रियता, समर्पण और सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि फिरोजपुर मंडल द्वारा भविष्य में भी टिकट जांच अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रखेगा, जिससे रेल राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ यात्रियों को सुरक्षित एवं अनुशासित यात्रा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।