दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल चिकित्सा विभाग द्वारा तारसा स्टेशन एवं कॉलोनी का स्वास्थ्य निरीक्षण, जल परीक्षण एवं एचपीवी टीकाकरण जागरूकता अभियान

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे नागपुर मंडल चिकित्सा विभाग द्वारा तारसा स्टेशन एवं कॉलोनी का स्वास्थ्य निरीक्षण, जल परीक्षण एवं एचपीवी टीकाकरण जागरूकता अभियान

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के चिकित्सा विभाग द्वारा 24 फरवरी को तारसा रेलवे स्टेशन तथा तारसा रेलवे कॉलोनी का विस्तृत स्वास्थ्य एवं स्वच्छता निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर एवं कॉलोनी में उपलब्ध पेयजल स्रोतों से जल के नमूने एकत्रित कर जीवाणु परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना तथा जलजनित रोगों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, मोतीबाग, नागपुर श्री मुकेश उबनारे भी उपस्थित रहे। उन्होंने स्थानीय रहवासियों एवं रेलवे कर्मचारियों से संवाद करते हुए स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल उपयोग करने तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की।

इसी क्रम में नागपुर मंडल चिकित्सा विभाग द्वारा तारसा कॉलोनी में 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए ह्यूमन पैपीलोमा वायरस (HPV) से बचाव हेतु विशेष सर्वे एवं जागरूकता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान अभिभावकों को बताया गया कि एचपीवी एक गंभीर वायरस है, जो भविष्य में महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी घातक बीमारी का कारण बन सकता है। अतः समय पर टीकाकरण ही इसका प्रभावी बचाव है।

रेलवे प्रशासन द्वारा रेलवे अस्पताल मोतीबाग एवं रेलवे अस्पताल इतवारी में 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी बालिकाओं का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें भविष्य में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।

नागपुर मंडल का चिकित्सा विभाग रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारजनों एवं यात्रियों के स्वास्थ्य संरक्षण, स्वच्छता संवर्धन एवं रोग निवारण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।