पीलीभीत में महिला सफाई कर्मी से चेन लूट का पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार

पीलीभीत। वल्लभनगर कॉलोनी में महिला सफाई कर्मी से हुई सरेराह चेन लूट की घटना का पुलस ने खुलासा कर दिया। सुनगढ़ी थाना पुलिस ने मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लेते हुए लूटी गई सोने की चेन का टुकड़ा भी बरामद कर लिया है। घटना शनिवार 21 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है। वल्लभनगर कॉलोनी और मौर्या मार्केट के पास गली में सफाई कर रही महिला के पास एक नकाबपोश युवक पहुंचा और झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर भी आरोपी अंधेरी गलियों का फायदा उठाकर भाग निकला। सूचना मिलते ही सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और एसएचओ नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के मुख्य मार्गों और कॉलोनियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्ध फुटेज के आधार पर थाना सुनगढ़ी ने धारा 309 (4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। सोमवार को पुलिस को बड़ी सफलता मिली। सुनगढ़ी पुलिस टीम, जिसमें उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार वालियान और हेड कांस्टेबल शाहिद अली शामिल थे, ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन चौराहे के पास से घटना में शामिल बाल अपचारी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई चेन का एक टुकड़ा बरामद हुआ। 23 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।