खेरागढ़ थाना में एसीपी प्रीता सिंह के निर्देशन में पीस कमेटी की बैठक

खेरागढ़: थाना परिसर में एसीपी प्रीता सिंह के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी रमजान, होली और बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने पर चर्चा हुई।

एसीपी प्रीता सिंह ने कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति का हिस्सा हैं, लेकिन बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं। सभी से नियमों का पालन करने, ध्वनि सीमा का ध्यान रखने और लाउडस्पीकर का प्रयोग न करने की अपील की गई। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने तथा अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह भी दी। प्रशासन संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखेगा।

नगर पंचायत चेयरमैन सुधीर गर्ग गुड्डू ने कहा कि खेरागढ़ की पहचान आपसी प्रेम और सौहार्द है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, ताकि त्योहार हर्षोल्लास से मनाए जाएं और बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।

बैठक में जुलूस मार्ग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बनाए रखने जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। अंत में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने शांति, संयम और सहयोग बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

⚖️ पुलिस प्रशासन ने चेताया कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।