जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान

जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर चला विशेष स्वच्छता अभियान

यात्रियों को किया स्वच्छता के प्रति जागरूक

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अंतर्गत जोधपुर मंडल के जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन परिसर,प्लेटफॉर्म,प्रतीक्षालय,ट्रैक क्षेत्र एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।

जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों को स्वच्छ,सुरक्षित एवं स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के माध्यम से न केवल सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है,बल्कि यात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के निर्देशानुसार मंडल के सभी स्टेशनों पर निरंतर इस तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि रेलवे परिसर अथवा ट्रेन में कचरा अथवा गंदगी फैलाने पर 100 से 500 रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाती है।

इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक पंकज कुमार झा एवं वाणिज्य निरीक्षक मानकाराम परिहार सहित बड़ी संख्या में निरीक्षक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने,कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने तथा स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।