गैस लीकेज से भीषण धमाका, घर में लगी आग, युवक झुलसा

श्रीगंगानगर जिले की रावला मंडी में वेयरहाउस के पास स्थित एक मकान में गैस लीकेज के कारण भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई लेकिन जोरदार धमाके से मकान को भारी नुकसान पहुंचा और घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।

घटना रावला मंडी के गांव 9 पीएसडी निवासी हंसराज पुत्र कशी राम के घर उस समय घटित हुई जब हंसराज चाय बनाने के लिए कमरे में गया था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर का रेगुलेटर गलती से खुला रह गया था जिससे कमरे में गैस भर गई। जैसे ही हंसराज ने माचिस जलाई अचानक जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी।

धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान की एक दीवार टूटकर गिर गई कमरे में दरारें पड़ गईं और लोहे का दरवाजा करीब 50 फीट दूर जाकर गिरा। आग की लपटों में घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया।

हादसे में हंसराज झुलस गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से हंसराज को अस्पताल भिजवाया गया जहां उसका उपचार जारी है।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों ने गैस सिलेंडर उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है। स्थानीय लोगों के अनुसार समय रहते आग पर काबू पा लिया गया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।