Chandauli News:चकिया में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार,बिजली के केबल के बंडल बरामद, मजदूरी के दौरान की गई थी वारदात

नगर पंचायत क्षेत्र से पोस्ट ऑफिस के पास दबिश देकर पुलिस ने दबोचा गिरोह,
चोरी का माल सस्ते दामों में दुकान पर बेचने की बात स्वीकार की

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर पंचायत क्षेत्र में चोरी की एक घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए बिजली के केबल के तीन बंडल बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार वादी रमेश कुमार जायसवाल निवासी वार्ड नंबर 1 इंदिरा नगर के मकान से मजदूरी के दौरान बिजली के तार के बंडल चोरी कर लिए गए थे।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर पोस्ट ऑफिस के पास वार्ड नंबर 1 क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सेराज अली उर्फ कलामुद्दीन निवासी अमरा उत्तरी, आशीष मोदनवाल उर्फ रिंकू निवासी वार्ड नंबर 7 बुद्धनगर कालोनी तथा हीरा निवासी बुढवल शामिल हैं।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मजदूरी के दौरान मकान से बिजली के तार के बंडल चोरी किए थे। बाद में चोरी का माल आशीष मोदनवाल की दुकान पर सस्ते दामों में बेच दिया गया।पुलिस ने दुकान से संबंधित माल की बरामदगी सुनिश्चित कर ली है।पुलिस के अनुसार चोरी की वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी। मजदूरी के बहाने घर की स्थिति का आकलन कर मौके का फायदा उठाया गया। हालांकि पुलिस की सक्रियता के चलते मामला जल्द ही खुल गया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह से अन्य लोग तो जुड़े नहीं हैं।पूरी कार्रवाई थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई।गिरफ्तारी की टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार पाण्डेय तथा कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह शामिल रहे।चकिया पुलिस की इस कार्रवाई से नगर क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।