Chandauli News:कॉलेज में मिले, आंखें चार हुईं, परवान चढ़ा प्यार, रचाई शादी और ढाई साल बाद गला दबाकर हत्या,प्रेम कहानी का खौफनाक अंत,

घरेलू विवाद बना जानलेवा, पत्नी की मौत के बाद पति फरार; गांव में शोक व तनाव का माहौल

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। कोतवाली क्षेत्र के भीषमपुर गांव में सोमवार की रात एक ऐसी घटना सामने आई जिसने एक प्रेम कहानी का दर्दनाक और खौफनाक अंत लिख दिया।करीब ढाई साल पहले जिस रिश्ते की शुरुआत कॉलेज में आंखों के इशारों और मोहब्बत से हुई थी, उसी रिश्ते का अंत अब हत्या के आरोपों के साए में हो गया।

भीषमपुर निवासी सुमेर मौर्य के पुत्र सनी कुमार मौर्य (24) और गांव के ही दशमी राम गौड़ की पुत्री बबली गौड़ (22) की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी।धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोस्ती प्रेम में बदल गई।परिवार की प्रारंभिक असहमति के बावजूद दोनों ने करीब ढाई वर्ष पूर्व प्रेम विवाह कर लिया।विवाह के बाद दंपति परिवार से अलग गांव में ही रहने लगे और अपनी नई जिंदगी की शुरुआत की।ग्रामीणों के अनुसार शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बीते कुछ महीनों से दोनों के बीच विवाद और तनाव बढ़ गया था।

घरेलू कलह ने रिश्ते में दरार डाल दी थी और आए दिन कहासुनी की बात सामने आ रही थी।सोमवार की देर रात भी किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ।आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने आपा खो दिया और पत्नी का गला दबा दिया।सुबह जब घर के अंदर बबली अचेत अवस्था में मिली तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने बबली को जिला संयुक्त चिकित्सालय भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृत्यु की पुष्टि होते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया और गांव में सन्नाटा पसर गया।मृतका के परिजनों ने स्पष्ट रूप से पति सनी कुमार मौर्य पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।बताया जा रहा है कि घटना के बाद से आरोपी पति फरार है। और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।मृतका की मां की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गयी है।और आरोपी के पति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पिता अपने आरोपी बेटे से अलग रहता था।उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

गांव में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश दोनों का माहौल है।लोगों के बीच चर्चा है कि जिस प्रेम कहानी की शुरुआत कॉलेज की मुस्कानों से हुई थी, उसका अंत इतनी निर्ममता से होगा, यह किसी ने नहीं सोचा था।एक ओर जहां कभी साथ जीने-मरने की कसमें खाई गई थीं, वहीं अब वही रिश्ता मौत और कानून की दहलीज तक पहुंच गया है।ढाई साल पहले जिस घर में शहनाई बजी थी, आज उसी घर में मातम पसरा है और एक परिवार अपनी बेटी को खोने के गम में डूबा हुआ है।फिलहाल पूरे मामले की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है।प्रेम से शुरू हुई यह कहानी अब एक आपराधिक प्रकरण में बदल चुकी है,जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।