कासगंज में मेगा विधिक साक्षरता शिविर की तैयारियां तेज, प्री-कैंप में विभागों को दिए गए निर्देश

कासगंज। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कासगंज द्वारा 22 फरवरी को आयोजित होने वाले बृहद विधिक साक्षरता/सेवा शिविर (मेगा शिविर) की तैयारियां जोरों पर हैं। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार और जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष रामेश्वर की अनुमति से यह शिविर लगाया जा रहा है।

शिविर के सफल आयोजन के लिए आज प्रचार-प्रसार हेतु प्री-कैंप का आयोजन ब्लॉक अमापुर में किया गया। इस प्री-शिविर का आयोजन नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारियों को मेगा शिविर के सफल संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

प्री-कैंप में सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों की पहचान की गई और विधिक सहायता के लिए नए पंजीकरण भी कराए गए। शिविर में पशु चिकित्सा विभाग, एडीओ पंचायत, स्वास्थ्य विभाग, आजीविका मिशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कासगंज के अधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।

यह शिविर आमजन को विधिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गिरेंद्र सिंह ने बताया कि मेगा शिविर के माध्यम से वंचित वर्गों को न्याय और योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।