गांधीधाम क्षेत्र से उत्तरी भारत के लिए टिंबर के रेल परिवहन को बढ़ावा देने हेतु बैठक आयोजित

गांधीधाम क्षेत्र से उत्तरी भारत के लिए टिंबर के रेल परिवहन को बढ़ावा देने हेतु बैठक आयोजित

गांधीधाम में सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (CWC) के प्रतिनिधियों एवं रेल अधिकारियों के बीच गांधीधाम क्षेत्र से दिल्ली तथा अन्य उत्तरी क्षेत्रों के लिए टिंबर (Timber) के रेल परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक डॉ. जेनिया गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनू त्यागी, गांधीधाम के क्षेत्रीय रेल प्रबंधक (ARM)आशीष धानिया सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन (CWC) के प्रतिनिधियों तथा कांडला टिम्बर एसोसिएशन के नौ सदस्यों ने भी बैठक में भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य टिंबर के परिवहन को सड़क मार्ग से रेल मार्ग की ओर स्थानांतरित करने के लिए प्रोत्साहित करना था। चर्चा के दौरान यह उल्लेख किया गया कि गांधीधाम क्षेत्र में लगभग 750 आरा मिलें (सॉ मिल्स) हैं, इसके बावजूद रेल मार्ग से टिंबर का परिवहन अभी बहुत कम है।

बैठक में रेल आधारित टिंबर लोडिंग को बढ़ावा देने, लॉजिस्टिक्स समन्वय को सुदृढ़ करने तथा परिचालन संबंधी चुनौतियों के समाधान हेतु विभिन्न रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।

सभी प्रतिभागियों ने टिंबर के रेल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। रेल मार्ग से लकड़ी का अधिक परिवहन होने से लॉजिस्टिक दक्षता में वृद्धि, सड़कों पर भीड़भाड़ में कमी तथा पर्यावरण के अनुकूल माल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।