तेज रफ्तार ने ढाया कहर, महिला थाना प्रभारी ज्योति नायक का सड़क हादसे में निधन, श्रीगंगानगर में शोक की लहर

श्रीगंगानगर शहर से आज एक अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार के का कहर देखने को मिला जिसमें महिला थाना प्रभारी एवं पूर्व विधायक दौलतराज की भांजी सीआई ज्योति नायक का आज अल सुबह 5 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। इस हादसे ने न केवल पुलिस विभाग को, बल्कि पूरे श्रीगंगानगर को गहरे शोक में डुबो दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह दुर्गा मंदिर के पास एक अज्ञात कार ने पुलिस वाहन को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में महिला थाना प्रभारी ज्योति नायक सहित दो अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला थाना प्रभारी ज्योति नायक को बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अन्य घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।सीआई ज्योति नायक के निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जिले के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और जनप्रतिनिधि अस्पताल व परिजनों के पास पहुंचकर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। एक कर्तव्यनिष्ठ, संवेदनशील और साहसी महिला अधिकारी के रूप में उनकी पहचान थी।

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा अज्ञात कार की तलाश शुरू कर दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा ज्योति नायक को अपने चरणों में स्थान दें और इस कठिन घड़ी में शोकाकुल परिवार को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।