रेल कर्मचारियों व उनके परिजनों के लिए लगेंगे शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य शिविर

रेल कर्मचारियों व उनके परिजनों के लिए लगेंगे शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य शिविर

डीआरएम की पहल, जोधपुर मंडल में विभिन्न स्टेशनों पर होगा आयोजन

शिविर दस फरवरी को डेगाना और 13 को मेड़ता रोड से होंगे प्रारंभ

जोधपुर। डीआरएम अनुराग त्रिपाठी की पहल पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिकायत निवारण शिविर एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक के निर्देशानुसार जोधपुर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर ये शिविर लगाए जा रहे हैं,ताकि कर्मचारियों को एक ही स्थान पर प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने बताया कि शिकायत निवारण शिविर के माध्यम से रेल कर्मचारी अपनी सेवा से संबंधित समस्याएं जैसे वेतन,पदोन्नति,मेडिकल क्लेम,पेंशन,आवास सहित अन्य कार्मिक विषयक शिकायतें सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे, जिनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।इसके तहत 10 फरवरी को डेगाना और 13 फरवरी को मेड़ता रोड जंक्शन स्टेशनों पर पहला शिविर लगेगा।

वहीं स्वास्थ्य शिविरों में कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों के लिए सामान्य स्वास्थ्य जांच,ब्लड प्रेशर,शुगर जांच,नेत्र परामर्श सहित अन्य आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

रेलवे का अधिकाधिक भागीदारी का आव्हान

रेल प्रशासन ने सभी रेल कर्मचारियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने एवं अपने आश्रित परिवारजनों सहित इन शिविरों में भाग लें और इस महत्वपूर्ण पहल का लाभ उठाकर अपनी समस्याओं का समाधान एवं स्वास्थ्य जांच कराएं। यह पहल कर्मचारियों के स्वास्थ्य, कल्याण एवं कार्य संतुष्टि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।