काज़ीगुंड-श्रीनगर-बुडगाम दोहरीकरण (118 किमी) और बारामूला से उरी नई लाइन (40 किमी) के लिए डीपीआर तैयार किए गए।

सीमावर्ती क्षेत्र में रेल संपर्क सुधारने के लिए, काज़ीगुंड-श्रीनगर-बुडगाम दोहरीकरण (118 किमी) और बारामूला से उरी नई लाइन (40 किमी) के लिए डीपीआर तैयार किए गए।

यूएसबीआरएल परियोजना रोजगार, सामाजिक-आर्थिक उत्थान और पर्यटन विस्तार के लिए उत्प्रेरक के रूप में उभर रही है।

श्रीनगर-बारामूला खंड की रेल कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए, सोपोर से कुपवारा (34 किमी) तक की नई लाइन के सर्वेक्षण को मंजूरी दी गई थी और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई थी। हालांकि, परियोजना को अव्यवहार्य पाए जाने के कारण रद्द कर दिया गया है। रेल कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए, सीमावर्ती क्षेत्र में निम्नलिखित परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी तैयार की गई हैं

काज़ीगुंड-श्रीनगर-बुडगाम दोहरीकरण (118 किमी)

बारामूला से उरी तक नई लाइन (40 किमी)

डीपीआर तैयार होने के बाद, परियोजना की मंजूरी के लिए राज्य सरकारों सहित विभिन्न हितधारकों से परामर्श और नीति आयोग, वित्त मंत्रालय आदि से आवश्यक अनुमोदन की आवश्यकता होती है। चूंकि परियोजनाओं की मंजूरी एक सतत और गतिशील प्रक्रिया है, इसलिए सटीक समयसीमा तय नहीं की जा सकती।

272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना हाल ही में शुरू की गई है। यूएसबीआरएल परियोजना जम्मू और कश्मीर के उधमपुर, रियासी, रामबन, श्रीनगर, अनंतनाग, पुलवामा, बडगाम और बारामूला जिलों को कवर करती है।

यूएसबीआरएल परियोजना ने क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसमें रोजगार सृजन एक महत्वपूर्ण पहलू है। इस परियोजना से 5 करोड़ से अधिक मानव-दिवस का रोजगार सृजित हुआ है।

यूएसबीआरएल परियोजना के सामाजिक-आर्थिक विकास प्रयासों का एक और महत्वपूर्ण पहलू 215 किलोमीटर से अधिक लंबी संपर्क सड़कों का निर्माण है, जिसमें एक सुरंग और 320 छोटे पुलों का निर्माण शामिल है। इस सड़क नेटवर्क ने स्थानीय आबादी को अन्य क्षेत्रों से बेहतर संपर्क स्थापित करने और सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में मदद की है।

घाटी क्षेत्र की शेष भारतीय रेलवे नेटवर्क से सर्वकालिक, विश्वसनीय और आरामदायक रेल कनेक्टिविटी से पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

यह जानकारी केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में दी।