लगातार 3 साल में 3 खिताब… RCB ने बनाया रिकॉर्ड, IPL-WPL में ऐसा करने वाली पहली टीम

लगातार 3 साल में 3 खिताब? RCB ने बनाया रिकॉर्ड, IPL-WPL में ऐसा करने वाली पहली टीम

बेंगलुरु को खिताब जीतने के लिए न सिर्फ फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर बनाना था, बल्कि WPL इतिहास का सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी बनाना था. मंधाना की कप्तानी में RCB ने वो कर दिखाया और इसके साथ ही इस फ्रेंचाइजी ने वो कर दिखाया जो भारतीय टी20 लीग में कभी नहीं हुआ था.

RCB ने 3 साल में दूसरी बार WPL का खिताब जीता हैImage Credit source: PTI

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने एक बार फिर महिला प्रीमियर लीग (WPL) का खिताब अपने नाम कर लिया है. स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली RCB की महिला टीम ने एक रोमांचक और रिकॉर्डतोड़ फाइनल में फिर से दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया. इसके साथ ही बेंगलुरु ने WPL के 4 साल के इतिहास में दूसरी बार खिताब अपने नाम किया. इससे पहले 2024 में भी RCB ने दिल्ली को ही हराकर पहली बार खिताब जीता था. इस तरह RCB के खाते में 3 साल में लगातार तीसरा खिताब आ गया. साथ ही बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी ने वो कमाल कर दिया, जो भारत में टी20 लीग के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ.

वडोदरा में गुरुवार 5 फरवरी को खेले गएWPL 2026 फाइनलमें दिल्ली कैपिटल्स ने 203 रन का स्कोर खड़ा किया था, जो WPL के किसी फाइनल में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड था. ऐसे में बेंगलुरु को खिताब जीतने के लिए न सिर्फ फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर बनाना था, बल्कि WPL इतिहास का सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी बनाना था, जो इससे पहले भी RCB (203 रन) था. कप्तान मंधाना की 41 गेंदों में 87 रन की विस्फोटक पारी के दम पर बेंगलुरु ने 19.4 ओवर में 4 विकेट खोकर ये रिकॉर्ड लक्ष्य हासिल किया और एक बार फिर ट्रॉफी पर अपना नाम लिखवाया.

एक साथ WPL-IPL चैंपियन

इस तरह RCB ने दूसरी बार WPL का खिताब जीता और ऐसा करने वाली मुंबई इंडियंस के बाद दूसरी टीम बन गई. मगर एक फ्रेंचाइजी के तौर पर RCB के लिए ये जीत और भी खास है क्योंकि इसने एक नया रिकॉर्ड बनाया है. असल में भारतीय क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ऐसी पहली फ्रेंचाइजी बन गई है, जिसके पास एक ही वक्त में WPL और IPL की ट्रॉफी है. रजत पाटीदार की कप्तानी में RCB की मेंस टीम ने IPL 2025 जीता था, जो फ्रेंचाइजी का इस लीग में पहला ही खिताब था. उसके बाद अब RCB विमेंस टीम ने WPL जीत लिया है. इस तरह IPL के अगले चैंपियन का फैसला होने से पहले भारतीय टी20 लीग के दोनों टूर्नामेंट की चैंपियन RCB ही है.

दबदबा: 3 साल में 3 खिताब

RCB की इस खिताबी जीत ने फ्रेंचाइजी की बदलती किस्मत और इसके दबदबे को भी साबित कर दिया है. 2008 में IPL के शुरू होने के बाद लगातार 16 साल तक RCB कोई खिताब नहीं जीत सकी थी और फ्रेंचाइजी की झोली खाली रही थी. मगर अब इस टीम के ट्रॉफी कैबिनेट में लगातार 3 साल में 3 खिताब आ गए हैं. 2024 में मंधाना की कप्तानी में टीम ने पहली बार WPL का खिताब जीता था. इसके बाद 2025 में RCB ने पहली IPL ट्रॉफी जीती और अब 2026 में भी फिर से फ्रेंचाइजी ने WPL अपने नाम की है.