किक बॉक्सिंग टूर्नामेंट संपन्न, संस्कार स्कूल बना खेल प्रतिभाओं का मंच, अनिल रतेरिया व रामचन्द्र शर्मा के आतिथ्य में हुआ पुरस्कार वितरण

रायगढ़। जिला स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन संस्कार पब्लिक स्कूल में आयोजित हुआ। रायगढ़ किक बॉक्सिंग संघ के सचिव अमरदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्कार पब्लिक स्कूल, रायगढ़ में हुई प्रतियोगिता में जिले भर से लगभग 100 खिलाडिय़ों ने भाग लेकर अपने कौशल, शक्ति और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जिले में किक बॉक्सिंग तेजी से लोकप्रिय हो रही है और खिलाडय़िों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्कार पब्लिक स्कूल के संचालक श्री रामचंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय में खेलों को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उनके विद्यालय में किकबॉक्सिंग के साथ-साथ ताइक्वांडो, योग, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, वॉलीबॉल और क्रिकेट जैसे विभिन्न खेलों का नियमित संचालन किया जाएगा, ताकि बच्चों को खेलों के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य मिल सके।

प्रतियोगिता का समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्री अनिल रतेरिया की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किक बॉक्सिंग जैसी प्रतिस्पर्धाएँ युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस विकसित करती हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को आगे बढ़ाने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए संस्कार पब्लिक स्कूल को योगदान देने पर प्रशंसा की।

इस चैंपियनशिप में म्यूजिकल फॉर्म, पॉइंट फाइट, लाइट कॉन्टैक्ट, फुल कॉन्टैक्ट, किक लाइट, लो किक जैसे विभिन्न इवेंट शामिल थे। विजेता खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाएंगे।

कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी एवं गोल्ड मेडलिस्ट ममता सिंह ठाकुर, इंटरनेशनल रेफरी प्रणय शंकर शुक्ला, अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी मनोज केसरा, हरि यादव, महेंद्र, सुमित सिंह और ईशान, भवानी शंकर षडग़ी स्कूल की प्राचार्या श्रीमती पांडे, समाज सेवी अनिता मिश्रा की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

वहीं, किक बॉक्सिंग संघ के संस्थापक जय कुमार ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएँ दीं और खेलों को बढ़ावा देने हेतु अपना सहयोग देने का संकल्प दोहराया।

जिला किक बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष सरनदीप एवं राज्य किक बॉक्सिंग संघ के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा एवं महासचिव आकाश गुरुदीवान ने भी खिलाडिय़ों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं और उन्हें निरंतर मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया। यह आयोजन जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।