मोथा तूफान से प्रभावित किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा, भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह के प्रयास लाए रंग

चंदौली। जनपद चंदौली में हाल ही में आए मोथा तूफान से प्रभावित किसानों के लिए राहत भरी खबर है। शासन की मंशा के अनुरूप अब प्रभावित किसानों को शीघ्र ही मुआवजा मिलने जा रहा है। यह मुआवजा सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित किया जाएगा। किसानों को राहत दिलाने में भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह की सक्रिय भूमिका और निरंतर प्रयास अहम माने जा रहे हैं।

तूफान के बाद खेतों में खड़ी फसलें नष्ट होने से किसान गंभीर संकट में आ गए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर किसानों से प्रत्यक्ष मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्होंने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और शासन स्तर पर लगातार संपर्क कर नुकसान का आकलन शीघ्र पूरा कराने और मुआवजा प्रक्रिया तेज कराने का आग्रह किया।

सूत्रों के अनुसार, शासन द्वारा भेजी गई धनराशि अब अंतिम प्रक्रिया में है और बहुत जल्द यह राशि प्रभावित किसानों के खातों में पहुंचने लगेगी। इससे किसानों को नई फसल की तैयारी और आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।

भाजपा नेता राणा प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार किसान हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी आपदा में किसानों को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे भी हर संभव सहयोग और सहायता किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी।