Chandauli News:ठंड में उम्मीद की गर्माहट बनीं महिला ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता,खुद मैदान में उतरकर 1900 गरीबों को बांटे कंबल, बनीं प्रेरणा

सेवा, संवेदना और नेतृत्व की मिसाल पेश करती सिकंदरपुर की ग्राम प्रधान
विकास कार्यों के लिए लखनऊ में सम्मानित, दिल्ली के कार्यक्रमों में भी कर चुकी हैं सहभागिता

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। विकासखंड के सिकंदरपुर गांव स्थित राष्ट्रीय सेवा विद्यालय परिसर में रविवार को मानवता, सेवा और संवेदनशील नेतृत्व का प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। कड़ाके की ठंड के बीच ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्य प्रकाश गुप्ता के साथ स्वयं गांव की गलियों में पहुंचकर करीब 1900 गरीब, असहाय, वृद्ध, दिव्यांग एवं विधवा महिलाओं के बीच कंबल का वितरण कराया। ठंड से राहत दिलाने के उद्देश्य से किया गया यह आयोजन जरूरतमंदों के लिए संबल बना।

वहीं ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता ने कहा कि जनता ने जो विश्वास हमें सौंपा है, उसकी सेवा करना हमारा कर्तव्य है। जरूरतमंदों के साथ खड़ा रहना ही सच्चा जनसेवा है।उन्होंने बताया कि ठंड में ठिठुर रहे लोगों को राहत पहुंचाने के लिए यह कंबल वितरण कराया गया है और आगे भी यह सेवा अभियान निरंतर चलता रहेगा।ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता ने कहा कि एक महिला होने के नाते समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है। महिलाओं, वृद्धों और गरीबों की पीड़ा को वे भली-भांति समझती हैं,इसलिए स्वयं मौके पर उपस्थित होकर कंबल वितरण कराया गया,ताकि हर जरूरतमंद तक सहायता सीधे पहुंच सके।
कंबल वितरण के दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सत्य प्रकाश गुप्ता ने कहा कि गरीबों और असहायों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। जरूरतमंदों की मदद करना ईश्वर की सच्ची पूजा के समान है।उन्होंने कहा कि भीषण ठंड को देखते हुए यह प्रयास किया गया है, ताकि कोई भी गरीब ठंड के कारण परेशान न हो और सुरक्षित रह सके।उन्होंने आगे कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। गरीबों की मदद करना केवल जिम्मेदारी नहीं बल्कि मानवता का सबसे बड़ा दायित्व है। ऐसे मौसम में यदि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर राहत की मुस्कान आती है, तो वही सबसे बड़ी उपलब्धि है।

गौरतलब है कि ग्राम प्रधान सीमा गुप्ता के कार्यकाल में गांव में सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े कई कार्य लगातार कराए गए हैं।उनके इन्हीं सराहनीय कार्यों के चलते उन्हें लखनऊ में सम्मानित किया जा चुका है।साथ ही वे दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं, जिससे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के इस प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं।ठंड के इस दौर में कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर संतोष और राहत साफ दिखाई दी।इस मौके पर विद्याधर पाठक, शशिकांत श्रीवास्तव, शशि प्रकाश यादव, महादीप पटेल, सदाकत अली, सागर श्रीवास्तव, आदित्य गुप्ता, राम मिलन चौहान, अकबाल पठान, मनोज यादव, दिनेश, शिवरतन मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।