Chandauli News:सेवानिवृत्त बीईओ रामटहल को दी गई भावभीनी विदाई, सम्मान समारोह में छलकी भावनाएँ चकिया ब्लॉक संसाधन केंद्र में आयोजित हुआ गरिमामय विदाई व सम्मान कार्यक्रम

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया।ब्लॉक संसाधन केंद्र चकिया के खंड शिक्षा अधिकारी रामटहल के सेवानिवृत्त होने पर मंगलवार को बेसिक शिक्षा परिवार चकिया एवं उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के संयुक्त नेतृत्व में ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में एक भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य एवं चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।इसके उपरांत विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत बुके भेंट कर किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त बीईओ रामटहल को माला पहनाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।

*सरकारी सेवा का यह क्षण भावनाओं से भरा होता है : विधायक कैलाश आचार्य*
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सरकारी सेवा में सेवानिवृत्ति का क्षण अत्यंत भावुक और स्मरणीय होता है। विशेषकर शिक्षण सेवा में यह जुड़ाव और भी गहरा होता है। शिक्षक कुम्हार की तरह बच्चों की प्रतिभा को आकार देता है।और वर्षों का यह रिश्ता भावनात्मक बन जाता है। हर सरकारी कर्मचारी के जीवन में यह क्षण आता है, लेकिन शिक्षकों के लिए यह और भी विशेष होता है।

*शिक्षा विभाग में बीईओ रामटहल का योगदान अविस्मरणीय : चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव*
समारोह में चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी रामटहल ने अपने कार्यकाल में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शिक्षकों को मार्गदर्शन देने और प्रशासनिक कार्यों को पारदर्शिता के साथ संपन्न करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सरल स्वभाव, अनुशासन और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। शिक्षा विभाग उनके योगदान को सदैव स्मरण रखेगा।

*भावुक हुए शिक्षक, साझा कीं स्मृतियाँ*
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सहयोगी शिक्षकों ने भावुक अंदाज में अपने विचार व्यक्त किए। कई शिक्षकों ने बीईओ रामटहल के साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा करते हुए उन्हें एक कुशल प्रशासक एवं संवेदनशील अधिकारी बताया।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, लेखाधिकारी लालजी भारतीय, अनिल यादव, अशोक प्रजापति, जयंत सिंह, कृष्ण कांत उपाध्याय, प्रदीप जैसल, काशीनाथ, ओमप्रकाश दुबे, अनुपमा सिंह, मोनिका पटेल, राजेश पटेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।