Chandauli News:शीतलहर में बच्चों की सेहत से खिलवाड़, आदेशों की उड़ाई धज्जियां,इस पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छुट्टी के बावजूद बुलाए गए छात्र

बीईओ विदाई समारोह के लिए छात्रों को स्कूल बुलाने का आरोप

प्रधानाध्यापक की मनमानी, शिक्षक भी रहे मौजूद

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। विकास खण्ड क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बलिया खुर्द में शासन और जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। भीषण शीतलहर को देखते हुए प्रदेश स्तर से विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया था, इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों को विद्यालय बुलाकर उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया।

आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी रामटहल के विदाई समारोह के आयोजन के लिए छात्रों को विद्यालय में उपस्थित होने के लिए बाध्य किया गया। छुट्टी घोषित होने के बावजूद कंपकंपाती ठंड में बच्चों को स्कूल बुलाना न केवल लापरवाही है, बल्कि शासन के आदेशों का खुला उल्लंघन भी है।

बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी और बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा ठंड को देखते हुए विद्यालय बंद रखने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन विद्यालय प्रशासन ने इन आदेशों को नजरअंदाज कर दिया। इस घटना को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।इस पूरे प्रकरण में विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्याम बिहारी की मनमानी सामने आई है। आरोप है कि उनके निर्देश पर ही बच्चों को विद्यालय बुलाया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटे बच्चों को कड़ाके की ठंड में विद्यालय बुलाना उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के अध्यापक व अध्यापिका आशा व अध्यापिका मंजू भी मौजूद रहीं।

इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार यादव ने बताया कि ठंड के बावजूद बच्चों को विद्यालय बुलाए जाने का मामला उनके संज्ञान में आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ आवश्यक कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।