Chandauli News: जिले में अधिकारियों की बड़ी लापरवाही! SDM के निरीक्षण में उजागर हुआ ‘खाली दफ्तरों’ का सच

?किसानों की समस्या पर होनी थी समीक्षा बैठक, लेकिन अफसर बैठे थे घर; ब्लॉक परिसर में पसरी गंदगी और गायब BDO ने बढ़ाई जनता की नाराज़गी?

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली।जिले के सरकारी अधिकारियों की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हालात यह रहे कि समीक्षा बैठक तो किसानों की समस्या पर होनी थी, लेकिन अधिकारी अपने घरों में आराम फरमा रहे थे। सोमवार को जैसे ही SDM सदर अचानक बरहनी ब्लॉक पहुंचीं, तो वहां केवल बाबू और पंचायत से जुड़े दो अधिकारी ही मिले। जबकि पूर्व सूचना के बाद भी BDO नदारद दिखे।

इसी दौरान समीक्षा बैठक और मौसमी चक्रवात से किसानों की फसल को हुए नुक़सान का आकलन करने के लिए SDM ने प्रभावित खेतों का दौरा किया। मौके पर खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद मिलीं और किसानों ने अपनी परेशानियाँ विस्तार से बताईं। SDM ने तत्काल राजस्व टीम को नुकसान की रिपोर्ट आपदा पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए और चेतावनी भी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके बाद जब SDM बरहनी विकासखंड कार्यालय पहुंचीं, तो स्थिति चौंकाने वाली थी। पूरा ब्लॉक परिसर गंदगी से भरा हुआ था और कार्यालयों में ऐसा माहौल था जैसे महीनों से कोई कर्मचारी यहाँ बैठा ही न हो। अधिकारियों की अनुपस्थिती का प्रमाण तब मिला जब उपस्थिति रजिस्टर का निरीक्षण किया गया,जहाँ बाबू व दो कर्मचारी ही दर्ज मिले, जबकि BDO मौके से गायब थे।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि SDM के निरीक्षण का पूरा कार्यक्रम अधिकारियों को पहले से ज्ञात था, फिर भी अधिकांश कर्मचारी अपने दफ़्तरों से नदारद पाए गए। बताया जा रहा है कि कई कर्मचारी मटरगश्ती में व्यस्त थे और कार्यालय की साफ-सफाई का भी किसी ने ध्यान नहीं रखा। पूरे मामले की रिपोर्ट SDM ने CDO को भेज दी है और जल्द ही जिम्मेदारों पर कार्रवाई की उम्मीद है।