नशे में धुत सिपाहियों ने जिला अस्पताल में कार से मारी टक्कर, दोनों सस्पेंड, एक घायल

बरेली। रविवार सुबह जिला अस्पताल में तेज रफ्तार कार सीधे इमरजेंसी वार्ड के गेट में जा घुसी। हादसे के बाद कुछ देर तक अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय वहां मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। सुबह करीब आठ बजे एक कार अस्पताल के मुख्य गेट से अंदर दाखिल हुई। चालक ने अस्पताल परिसर में भी रफ्तार नहीं रोकी और सीधे इमरजेंसी के सामने पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गेट के बाहर रखे गमले, स्ट्रेचर और रेलिंग तक चकनाचूर हो गए। चश्मदीदों के मुताबिक, कार में दो पुलिसकर्मी सवार थे, जो अस्पताल में भर्ती एक बंदी की सुरक्षा में तैनात थे। दोनों नशे में धुत थे और तेज रफ्तार में कार दौड़ा रहे थे। टक्कर के बाद दोनों सिपाही मौके से फरार हो गए। उनकी पहचान रोहित राणा और पुष्पेंद्र सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जेल अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा ने तत्काल दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने भी पूरे मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेज दी है। हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी गेट पर सुरक्षा बढ़ा दी है और वाहन एंट्री पर कड़ा नियंत्रण लगाने के निर्देश दिए हैं।