Chandauli News:मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला खिलाड़ियों को सशक्त बनने का संदेश, आत्मविश्वास और अधिकारों के प्रति जागरूकता से ही बनेगा सशक्त समाज

सीओ स्नेहा तिवारी ने हैंडबॉल नेशनल चैम्पियनशिप में प्रतिभागियों से की बातचीत, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता पर किया जागरूक

महिलाओं को कानून, सरकारी योजनाओं और मिशन शक्ति केंद्र की सुविधाओं की दी गई जानकारी, समाज में समानता और सुरक्षा का दिया संदेश

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली। उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत शनिवार को जनपद चंदौली में महिला सशक्तिकरण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी ने थाना बबुरी क्षेत्र में पहुंचकर सीबीएसई हैंडबॉल नेशनल चैम्पियनशिप में प्रतिभाग कर रही महिला खिलाड़ियों से संवाद किया।

कार्यक्रम में देश की 21 राष्ट्रीय टीमों के साथ-साथ यूएई, कतर, ओमान और कुवैत सहित छह अंतरराष्ट्रीय टीमों की महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया। क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी ने सभी महिला खिलाड़ियों को महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षा और अधिकारों से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए।कार्यक्रम के माध्यम से जनपदीय पुलिस ने यह संदेश दिया कि महिलाओं और बालिकाओं को एक सुरक्षित व सशक्त वातावरण प्रदान करने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। स्नेहा तिवारी ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उनके अधिकारों की जानकारी देना है, ताकि वे हर परिस्थिति में खुद की सुरक्षा कर सकें। उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों को महिलाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला पेंशन योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन और सखी निवास के बारे में विस्तार से बताया।

इसके साथ ही महिला सुरक्षा से संबंधित प्रमुख कानूनों जैसे घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 (संशोधित 1986) तथा गर्भधारण पूर्व एवं प्रसवपूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम 1994 की जानकारी देकर उनके महत्त्व पर प्रकाश डाला गया।साथ ही थाना बबुरी में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और वहां उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने महिला खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल के साथ-साथ समाज में भी महिला सुरक्षा और समानता के संदेश की वाहक बनें।सीओ स्नेहा तिवारी ने कहा कि हर क्षेत्र में महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। आवश्यकता है कि वे खुद को निडर, आत्मविश्वासी और जागरूक बनाएं। समाज में जब प्रत्येक महिला अपने अधिकारों को पहचान लेगी, तभी वास्तविक सशक्तिकरण संभव होगा।उन्होंने कहा कि खेल मैदान में दिखने वाली अनुशासन और टीम भावना ही जीवन का भी सबसे बड़ा सबक है, जिसे अपनाकर महिलाएं न केवल खुद को बल्कि समाज को भी नई दिशा दे सकती हैं।