कालिका पेट्रोलिंग यूनिट–1 एवं विधिक सेवा द्वारा संयुक्त सेमिनार आयोजित, बच्चों को महिला सुरक्षा और विधिक जागरूकता की दी जानकारी

श्रीगंगानगर में महिला सुरक्षा और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलिंग यूनिट?1 एवं विधिक सेवा श्रीगंगानगर के संयुक्त तत्वावधान में एक निजी स्कूल में विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गंभीर विषयों पर उपयोगी जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर विधिक सेवा के अधिकारी रोहिताश यादव एवं अमनदीप ने बच्चों को निशुल्क विधिक सहायता योजना की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या में विधिक सेवा प्राधिकरण से बिना शुल्क के मदद प्राप्त की जा सकती है।

कालिका पेट्रोलिंग यूनिट?1 के प्रभारी सुखदेव सिंह ने विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा से जुड़े अपराधों, चेन स्नैचिंग, छेड़छाड़, छींटाकशी एवं उत्पीड़न पर विस्तार से जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आज के युग में बालिकाओं को निडर होकर सामने आना चाहिए और अपने साथ हुए किसी भी अत्याचार या असामाजिक कृत्य की शिकायत करने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण निशुल्क राय से लेकर अंतिम न्याय तक पीड़ितों के साथ खड़ा रहता है।

इस दौरान सुखदेव सिंह ने विद्यार्थियों को राजकोप सिटीजन ऐप, आपातकालीन नंबर 112 तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 की भी जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से चेताया कि किसी भी अनजान पुरुष या महिला से खुले ड्रिंक, वाटर या पेय पदार्थ स्वीकार न करें क्योंकि अक्सर अपराधी इसी माध्यम से धोखा देने का प्रयास करते है।

यूनिट की महिला कांस्टेबल सुनीता (2200) एवं कीर्ति (2196) ने बच्चों को जागरूक रहने, आत्मविश्वास बनाए रखने और असामाजिक तत्वों का डटकर सामना करने की प्रेरणा दी।

निजी विद्यालय की प्रिंसिपल पूनम खेतान एवं संचालक राजेश खेतान भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

पूनम खेतान ने बच्चों को ?गुड टच और बैड टच? के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को समझाया कि किस प्रकार छोटी उम्र में ही बच्चों को इस विषय पर जागरूक करना आवश्यक है ताकि वे किसी भी अनुचित व्यवहार की पहचान कर सकें।

उल्लेखनीय है कि पूनम खेतान को इस विषय पर बच्चों को जागरूक करने के लिए जिला एवं राज्य स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है।

कार्यक्रम में विद्यालय की अन्य अध्यापिकाएँ भी उपस्थित रहीं। लगभग 210 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बच्चों ने सवाल-जवाब सत्र में कई प्रश्न पूछे और अधिकारियों से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा कालिका पेट्रोलिंग यूनिट के प्रभारी सुखदेव सिंह को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस संयुक्त सेमिनार का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, विधिक अधिकारों एवं अपराध निरोधक उपायों के प्रति जागरूक करना था ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी भूमिका निभा सकें और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सजग होकर खड़े हो सकें।