दरोगा ने युवक को जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल होते ही एसएसपी ने किया सस्पेंड

बरेली। सिरौली थाने में दरोगा की दबंगई का वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दरोगा सत्येंद्र सिंह यादव ने चोरी की शिकायत करने आए युवक को थाने के बाहर ही जाति पूछकर थप्पड़ जड़ दिए। मामला सोशल मीडिया पर तूल पकड़ते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने कार्रवाई करते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया।गांव संग्रामपुर निवासी शीशपाल मोबाइल चोरी की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था। आरोप है कि गेट पर तैनात दरोगा ने पहले आने का कारण पूछा और फिर उसकी जाति जानकर भड़क गए। गुस्से में उन्होंने युवक के बाल पकड़ लिए और थप्पड़ मारते हुए नशेड़ी करार दिया। इस दौरान उसके साथी ने पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो शुक्रवार को वायरल हो गया।थाना सिरौली के इंस्पेक्टर क्राइम भारत सिंह ने स्वीकार किया कि घटना दो दिन पुरानी है और युवक नशे में लग रहा था। उसने चोरी की शिकायत करनी चाही थी, लेकिन दरोगा भी आपा खो बैठे। रिपोर्ट एसएसपी को भेज दी गई है। जानकारी के मुताबिक सत्येंद्र सिंह यादव लंबे समय से सिरौली थाने में तैनात थे। कुछ समय पहले हेड कांस्टेबल से दरोगा पद पर पदोन्नति पाई थी। करीब दो माह पहले ही उनका तबादला मुरादाबाद हो चुका था, लेकिन अभी तक उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया था।