मुख्यमंत्री द्वारा नांदेड़ - मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ

मध्य रेल नांदेड़-मुंबई 'वंदे भारत एक्सप्रेस' ने खोला मराठवाड़ा की समृद्धि का द्वार

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

मुख्यमंत्री द्वारा नांदेड़ - मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ

मराठवाड़ा क्षेत्र के विकास लिए सरकार तेज़ और सक्षम परिवहन व्यवस्था पर ज़ोर दे रही है। वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से नांदेड़, अब राज्य की राजधानी मुंबई के, और भी करीब आ गया है, जिससे निश्चित ही मराठवाड़ा की समृद्धि का मार्ग खुल गया है,ऐसा विश्वास मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया।

नांदेड़-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ नांदेड़ रेलवे स्टेशन से किया गया। इस ट्रेन को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय से ऑनलाइन माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वास्थ्य)मेघना बोर्डीकर साकोरे, मध्य रेल के महाप्रबंधक धर्म वीर मीना, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल एक नया रूप ले रही है। विकसित देशों जैसी आधुनिक और आरामदायक सुविधाओं से युक्त भारत में निर्मित वंदे भारत ट्रेन उसी परिवर्तन का प्रतीक है। मुंबई से नांदेड़ की 610 किमी दूरी अब केवल 9 घंटे 30 मिनट में पूरी होगी। पहले जो ट्रेन केवल जालना तक चलती थी, अब वह हुज़ूर साहिब नांदेड़ तक जाएगी। इस ट्रेन की यात्री क्षमता 500 से बढ़ाकर 1440 कर दी गई है, और कोच की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है।

नांदेड़ सिख धर्म का एक प्रमुख तीर्थ स्थल है। इसलिए यहां आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से तेज़ और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। इस सुखद, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के लिए मुख्यमंत्री�फडणवीस ने मराठवाड़ा की जनता को बधाई भी दी।

नांदेड़ में आयोजित कार्यक्रम में सांसद अशोक चव्हाण,सांसद डॉ. अजीत गोपछड़े,विधायक विक्रम काले, दक्षिण मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक

सत्यप्रकाश, मंडल रेल प्रबंधक, नांदेड मंडल,प्रदीप कांबले, जिलाधिकारी राहुल कर्डीले, नांदेड़ क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शहाजी उमाप, पुलिस अधीक्षक अभिनाश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

नांदेड़ मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस के बारे में संक्षिप्त जानकारी:

मराठवाड़ा के नांदेड़ को राज्य की राजधानी मुंबई से जोड़ने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस।

नांदेड़ से मुंबई की 610 किमी दूरी केवल 9 घंटे 30 मिनट में पूरी ? अन्य ट्रेनों की तुलना में बहुत कम समय।

महाराष्ट्र के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों के बीच तेज़, सुरक्षित और आरामदायक वातानुकूलित दिनकालीन यात्रा सुविधा।

हुज़ूर साहिब नांदेड़ से हर बुधवार को छोड़कर तथा मुंबई छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से हर गुरुवार को छोड़कर, सप्ताह में छह दिन ट्रेन उपलब्ध।

नियमित यात्रियों, श्रद्धालुओं, अधिकारियों और व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी।

तीर्थ स्थलों और पर्यटन स्थलों की यात्रा को और भी सरल बनाने वाली सेवा।