पंचायत चुनाव के रण में जुट जाए कार्यकर्ता : यशपाल

इगलास। विधानसभा क्षेत्र इगलास के किशोरी गेस्ट हाउस में राष्ट्रीय लोकदल का सदस्यता अभियान बड़े उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने साफ संकेत दिया कि लोकदल संगठन को मज़बूत करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव डॉ. यशपाल सिंह बघेल ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि जिला पंचायत चुनाव अब नजदीक हैं, ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को रण में उतरने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव संगठन की जड़ों को मज़बूत करने का बड़ा अवसर है और यदि कार्यकर्ता तन-मन से जुट जाएं तो निश्चित ही राष्ट्रीय लोकदल मज़बूत स्थिति में होगा। प्रदेश महासचिव अरुण चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि उनका लक्ष्य ब्रज क्षेत्र में सबसे अधिक सक्रिय कार्यकर्ताओं को जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जयंत चौधरी के हाथों को मज़बूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से संगठन का हिस्सा बनें।

बृज क्षेत्र अध्यक्ष बृजेश चाहर ने कहा कि अलीगढ़ जिले में लोकदल संगठन निरंतर मज़बूत हो रहा है और गांव-गांव से कार्यकर्ता जुड़ रहे हैं। जिलाध्यक्ष हम्बीर सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य अलीगढ़ को उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल का नंबर एक संगठन बनाना है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रमोद गौड़, पूर्व विधायक भगवती प्रसाद सूर्यवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष कालीचरण सिंह, प्रदेश महासचिव राम बहादुर सिंह, महानगर अध्यक्ष अब्दुल्ला शेरवानी, किसान प्रकोष्ठ बृज क्षेत्र अध्यक्ष कुलदीप चौधरी, जिला पंचायत सदस्य अमित ठेनुआ, जयवीर सिंह, भीमा राजा, नवाब सिंह छोंकर, भानु प्रताप सिंह, डॉ. इरफान, महिला प्रदेश उपाध्यक्ष दीपमाला चौधरी, महिला मंडल अध्यक्ष सुनीता मलिक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में संगठन को जमीनी स्तर तक मज़बूत बनाने का संकल्प दोहराया गया और पंचायत चुनाव को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरी मेहनत करने का वादा किया।