Chandauli News:जनपद में यहां जमीन विवाद पर बवाल: पूर्व विधायक ने एसडीएम आवास का घेराव, पुलिस ने भू-माफियाओं पर कसा शिकंजा

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हरिशंकरपुर गांव में जमीन को लेकर उपजे विवाद ने शनिवार को तूल पकड़ लिया। पुलिस ने 15 नामजद और कई अज्ञात लोगों पर जातिसूचक टिप्पणी, गाली-गलौज, रंगदारी मांगने और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें कई ऐसे चेहरे भी शामिल हैं, जिन पर पहले से संगीन धाराओं में केस चल रहे हैं।

मुकदमे की कार्रवाई से नाराज पूर्व विधायक बब्बन सिंह चौहान समर्थकों संग एसडीएम अनुपम मिश्रा के आवास पर पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए घेराव किया। इस दौरान उनकी सीओ से तीखी नोकझोंक हो गई और एसडीएम को लेकर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। तनाव बढ़ते ही अलीनगर और मुगलसराय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया।

*एसडीएम की सख्त चेतावनी*
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने कहा कि जिन पर कार्रवाई हुई है, उनका पुराना आपराधिक इतिहास है और वे एक महिला की जमीन पर कब्जे की कोशिश कर रहे थे। आगे भी इस प्रकरण में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*क्या है पूरा मामला*
मामला लखनऊ के इंदिरा नगर निवासी ऊषा देवी के अनुसार, उनके पति ने 1990 में हरिशंकरपुर में एक भूखंड खरीदा था। 30 जुलाई को एसडीएम के आदेश पर नाप-जोख और टूटी बाउंड्रीवाल की मरम्मत के लिए राजस्व टीम मौके पर पहुंची, तो ओमप्रकाश गुप्ता, संतोष चौहान, विनोद यादव, आफताब अहमद, डब्लू और राजकुमार चौहान समेत अन्य लोगों ने विरोध किया, सामान उठा ले गए और प्रति बिस्वा 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।12 अगस्त को ऊषा देवी अपने पारिवारिक मित्र शमीम अख्तर के साथ दोबारा टीम के साथ पहुंचीं, तो फिर हंगामा हुआ और अधिकारियों के साथ बदसलूकी करते हुए काम रुकवाने की कोशिश की गई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर ओमप्रकाश, संतोष चौहान, विनोद यादव, आफताब अहमद, डब्लू, राजकुमार चौहान, मुलायम, विनय बाबा, बाबूलाल ठेकेदार, बबलू यादव, नत्थू यादव, धर्मवीर चौहान, रामधर चौहान, गुड्डू चौहान, धरमू सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।