Chandauli News:जिले में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: तीन सीओ के कार्यक्षेत्र में बदलाव,स्नेहा तिवारी बनीं नई सीओ सकलडीहा,

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली। पुलिस विभाग में रविवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। एसपी आदित्य लांग्हे ने तीन पुलिस क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए नए सिरे से जिम्मेदारियां सौंप दीं। इस बदलाव में नौगढ़,चकिया और सकलडीहा सर्किल के सीओ प्रभावित हुए हैं।

*नौगढ़ के सीओ बने नामेन्द्र सिंह रावत*
नौगढ़ के पूर्व सीओ आशुतोष तिवारी को मुख्यमंत्री सुरक्षा में विशेष ड्यूटी पर भेजा गया है। रविवार को उन्हें विधिवत विदा कर दिया गया। इसके बाद रिक्त पड़े नौगढ़ सर्किल की जिम्मेदारी अब नामेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। नामेन्द्र की यह दूसरी पोस्टिंग है। उन्होंने प्रशिक्षण के बाद पहली बार चकिया में सीओ पद की जिम्मेदारी संभाली थी। अब उन्हें नौगढ़ भेजा गया है, जो एक संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्र माना जाता है।

*रघुराज को दोबारा मिला चकिया का प्रभार*
पिछले चार वर्षों से चंदौली जनपद में सेवाएं दे रहे अनुभवी सीओ रघुराज को सकलडीहा से स्थानांतरित कर पुनः चकिया सर्किल की कमान सौंपी गई है। रघुराज पूर्व में भी चकिया में सीओ रह चुके हैं और अपने पहले कार्यकाल के दौरान उनकी कार्यशैली काफी चर्चित रही थी। माना जा रहा है कि उनके अनुभव से इस क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

*स्नेहा तिवारी बनीं नई सीओ सकलडीहा*
पुलिस विभाग में शामिल हुए महज एक माह हुए सीओ स्नेहा तिवारी को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। झांसी से चंदौली आईं स्नेहा को अब लाइन से हटाकर सकलडीहा सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी नियुक्ति से क्षेत्र में महिला नेतृत्व को मजबूती मिलेगी और कानून व्यवस्था के नए आयाम स्थापित होने की उम्मीद है।

*फेरबदल के पीछे प्रशासनिक संतुलन और अनुभव का समावेश*
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा किया गया यह फेरबदल जनपद में प्रशासनिक संतुलन और दक्ष नेतृत्व की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नौगढ़, चकिया और सकलडीहा तीनों ही संवेदनशील क्षेत्र हैं, जहां अनुभवी और सक्रिय अधिकारियों की जरूरत होती है।

इन बदलावों से उम्मीद जताई जा रही है कि जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा जनता को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा। अब देखना यह होगा कि नई जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में किस तरह का प्रदर्शन करते हैं।