धर्मपाल दरियापुर बने हरियाणा गर्वमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन के प्रधान

फतेहाबाद (सुनील कुमार) हरियाणा गर्वमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्करज यूनियन सम्बंधित हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच की चुनावी बैठक आज भट्टू रोड स्थित फतेहाबाद जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग प्रांगण में हुई। बैठक में यूनियन की फतेहाबाद शाखा का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। चुनाव सभा में विशेष तौर पर राज्य उपप्रधान धर्मराज घनघस तथा राज्य चेयरमैन सत्यपाल वर्मा ने भाग लिया। उनकी देखरेख में हुए चुनावों में सर्वसम्मति से धर्मपाल दरियापुर को शाखा प्रधान चुना गया। इसके अलावा राणा पंवार को शाखा सचिव, महाबीर को कोषाध्यक्ष, संजीव कुमार को उप कोषाध्यक्ष, बलजिन्द्र सिंह को वरिष्ठ उपप्रधान, ईश्वर बागड़ी को उपप्रधान, शमशेर सिंह को मुख्य संगठन सचिव, हरपाल सिंह को मुख्य सलाहाकार, राजू सिवरमैन को ऑडिटर तथा संजय कुमार को प्रैस सचिव चुना गया। सभी पदाधिकारियों को संविधान के तहत राज्य उपप्रधान जसमेर शर्मा एवं जगदीश दड़बा ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनियुक्त शाखा प्रधान धर्मपाल दरियापुर ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेवारी सौंपी हैं, वह पूरी निष्ठा व ईमानदार से उसका निर्वाह करेंगे। कर्मचारियों की सभी मांगों और समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा। इस अवसर पर काफी संख्या में विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।