हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए इज्जतनगर मंडल में राजभाषा सप्ताह समारोह का शुभारंभ

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 14 से 18 सितंबर 2026 तक राजभाषा सप्ताह समारोह-2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों में हिंदी के प्रति सकारात्मक और प्रेरणादायी वातावरण विकसित करना है।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, इज्जतनगर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, सभी शाखाधिकारी और रेल कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के संदेश का वाचन किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा सरकारी कामकाज में इसके प्रभावी प्रयोग को बढ़ाने का संकल्प लिया।

राजभाषा सप्ताह के तहत रेल कर्मचारियों की हिंदी के प्रति रुचि और कार्य-दक्षता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजभाषा कक्ष में ?हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता? आयोजित की गई। इसमें कार्यालयीन कार्यों में इस्तेमाल होने वाली टिप्पणियों, राजभाषा से जुड़े प्रश्नों तथा हिंदी-अंग्रेजी के पर्याय और शब्दार्थ से संबंधित विषय शामिल किए गए।

प्रतियोगिता में इज्जतनगर मंडल के विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी हिंदी भाषा एवं लेखन क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के सरल, सहज और प्रभावी प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करना तथा उनके भाषायी ज्ञान और लेखन कौशल को विकसित करना रहा।

इस अवसर पर सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी बबलू ने निर्णायक की भूमिका निभाई। राजभाषा सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और गति मिलने की उम्मीद है।