हरदोई में सीडीओ के निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, कई कर्मचारियों का वेतन रोका, नोटिस जारी

हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने शनिवार को विकासखंड सुरसा और बिलग्राम का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यालयों की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई और कर्मचारियों की उपस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में कई स्तर पर लापरवाही मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए वेतन बाधित करने, कारण बताओ नोटिस जारी करने और विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
विकासखंड सुरसा में सीडीओ ने बाल विकास एवं पुष्टाहार कार्यालय, एनआरएलएम कार्यालय, सभागार, प्रेरणा कैंटीन, एडीओ पंचायत कार्यालय और प्रशासनिक भवन के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। स्थापना पटल पर सर्विस बुक और जीपीएफ पासबुक में प्रविष्टियां अधूरी मिलने पर पटल सहायक सर्वेश कुमार को एक सप्ताह में अभिलेख अपडेट करने के निर्देश दिए। साथ ही नवंबर का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने को कहा। शिकायत लिपिक रमेश कुमार एक सप्ताह से बिना अनुमति अनुपस्थित मिले। उनका वेतन रोकने और आरोप पत्र जारी कर विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार को दिए।
बिलग्राम ब्लॉक के निरीक्षण में परिसर की साफ-सफाई और शौचालयों का रखरखाव खराब मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। एडीओ पंचायत जितेंद्र गुप्ता का वेतन बाधित कर एक सप्ताह में सुधार के निर्देश दिए। एनआरएलएम के बीएमएम श्याम सिंह सात नवंबर से अनुपस्थित मिले। उनका मानदेय रोकने और कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। स्टॉक पंजिकाएं अधूरी मिलने पर कर्मचारी अतिकुर रहमान को एक माह में उन्हें अपडेट करने की हिदायत दी गई। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी के एक माह से अनुपस्थित रहने पर भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित उपस्थिति, साफ-सफाई और अभिलेखों का रखरखाव दुरुस्त रखने की हिदायत देते हुए लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी।