हरदोई में राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी के नेतृत्व में तीन विधानसभाओं की संगठनात्मक बैठक, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, बोली- 2027 की जीत के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करना जरूरी

हरदोई। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर उत्तर प्रदेश भाजपा की सहप्रभारी, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष डॉ. मेधा कुलकर्णी के नेतृत्व में सांडी, गोपामऊ और हरदोई विधानसभा की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक रणनीति, चुनावी माइक्रो मैनेजमेंट और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता को लेकर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि चुनाव में सफलता का आधार मजबूत संगठन, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और बूथ स्तर पर निरंतर सक्रियता है। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है। उन्होंने तीनों विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी संवाद बनाए रखने, चुनावी माइक्रो मैनेजमेंट पर ध्यान देने तथा पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ 2027 के चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. विमल सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी संवाद और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने पदाधिकारियों से अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क रखने और पार्टी की विचारधारा व जनकल्याणकारी कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित, जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा, ओम वर्मा, सत्येंद्र राजपूत, जिला उपाध्यक्ष सौरभ सिंह गौर, आकाश सिंह, सौरभ सिंह, जिलामंत्री सत्यम शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी अतुल सिंह चाऊंपुर, जिला कोषाध्यक्ष सहित सांडी, गोपामऊ और हरदोई विधानसभा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।