हरदोई में पति ने पत्नी को मारी गोली, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर, घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया

हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के कोइलहा गांव में सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे पति ने पत्नी को तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। परिजन घायल महिला को हरदोई मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोइलहा गांव निवासी गंभीर की करीब 15 वर्ष पहले सीतापुर जिले के नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के भैरमपुर गांव निवासी साधना से शादी हुई थी। दंपति के तीन बच्चे हैं। परिवार के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।
सोमवार सुबह घर के लोग सो रहे थे। इसी दौरान कमरे से साधना के चीखने और रोने की आवाज सुनाई दी। परिजन कमरे में पहुंचे तो वह घायल अवस्था में पड़ी थी। आरोप है कि गंभीर ने गोली मारने के बाद गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
साधना की ननद रीना के मुताबिक आरोपी ने उन्हें भी धमकाया और रास्ते से हटने को कहा। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप है। परिजन साधना को अस्पताल ले जाने का प्रयास कर रहे थे, तभी गंभीर ने उन्हें रोकने की कोशिश की। ग्रामीणों के जुटने पर आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
साधना के ससुर राजकुमार, सास सीमा और ननद रीना उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस को सूचना दे दी गई है। गोली मारने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच कर रही है।